बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में रहने वाला युवक काम के बाद अपने घर लौट रहा था। कानन पेंडारी के पास वे सड़क हादसे में घायल हो गए। दुर्घटना में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। क्षतिग्रस्त बाइक को उसने सड़क किनारे छोड़ दिया। दूसरे दिन लौटा तो बाइक गायब थी। इसकी शिकायत उसने सकरी थाने में की। इस पर पुलिस ने आसपास तलाश करने की बात कहते हुए लौटा दिया। आठ दिन मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। तखतपुर क्षेत्र के खम्हरिया में रहने वाले मनोज कुमार कौशिक मजदूरी करते हैं।

वे 10 जनवरी को लोखंडी स्थित कोलवाशरी में काम कर घर लौट रहे थे। कानन पेंडारी के पास उनकी बाइक सड़क में फिसल गई। इससे वे गिर गए। दुर्घटना में उनको चोटे आई। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने इसकी जानकारी अपने परिचित को देकर मौके पर बुलाया। बाइक चलने के लायक नहीं थी। इसके कारण उन्होंने क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया।

दूसरे दिन वे बाइक लेने आए। इस बीच चोरों ने उनकी बाइक पार कर दी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत सकरी थाने में की। इस पर थाने से उन्हें बाइक को आसपास तलाश करने की बात कहकर लौटा दिया गया। आठ दिन तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उनकी शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर बाइक की तलाश कर रही है।

वर्कशाप से लोहे का सामान ले गए चोर

 

मोपका स्थित कृषि यंत्र बनाने वाली वर्कशाप से चोरों ने लोहे का सामान पार कर दिया। वर्कशाप संचालक ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है। खरपगंज के कल्लूबाड़ा में रहने वाले जुजुर जाबरोट कृषियंत्र बनाने की वर्कशाप चलाते हैं। बुधवार की सुबह वे वर्कशाप गए। वहां कर्मचारियों ने बताया कि रात को चोरों ने लोहे के एंगलचेनल पट्टी और राड पार कर दिया था। संचालक ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है।