पटना | बर्फीली हवा का प्रभाव बिहार में चौथे दिन भी बना रहा है। ठिठुरन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। कल से पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने एवं ओला गिरने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मध्य प्रदेश व इसके आसपास एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। जिनके परिणाम स्वरूप अगले दो दिनों में प्रदेश के उत्तर पश्चिम एवं दक्षिण पश्चिम के एक या दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश व ओला गिरने के आसार हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। 22-23 जनवरी को लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।
पटना और गया में काफी कम रहा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 4.6 डिग्री के साथ गया प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं गया के बाद पटना के न्यूनतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की गिरावट के साथ 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि मकर संक्रांति के बाद आमतौर पर मौसम सामान्य रहता है लेकिन इन दिनों प्रदेश में प्रदेश के ऊपर पछुआ हवा काफी मजबूत स्थिति में है। जिसके प्रभाव से प्रदेश के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। हालांकि अगले 24 घंटों के दौरान हवा की दिशा परिवर्तित होकर उत्तर पछुआ से पूर्वी एवं दक्षिण पूर्व होने के आसार है। इसके फलस्वरूप तापमान में आंशिक वृद्धि होने ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।
Please do not enter any spam link in the comment box.