कोरोना के तीसरी लहर को लेकर झारखंड से एक बड़ी खबर है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन एक  बार फिर कोरोना की चपेट में आ गए हैं।  शिबू सोरेन की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। रिपोर्ट आते ही झारखंड का स्वास्थ्य महकमा चिंतित और सचेत हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के उम्र लगभग 78 साल है। इसे देखते हुए उन्हें रांची के मोराबादी स्थित  आवास से सीएम हाउस पहुंचा दिया गया है। सीएम हाउस में शिबू सोरेन को आइसोलेशन में रखा गया है। जहां पूरी मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और इलाज भी किया जा रहा है।

CM शिबू सोरेन  के आवास पर काम करने वाले 6 कर्मियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। आवास के सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि बीते 14 जनवरी को रांची के मोहराबादी स्थित शिबू सोरेन के आवास के सभी लोगों का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था  इसमें शिबू सोरेन एवं अन्य 6 कर्मियों के रिपोर्ट पॉजिटिव आए हैं।  सभी कर्मियों को भी आइसोलेशन में भेज दिया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है।
 
78 साल की उम्र वाले शिबू सोरेन को दूसरी कोरोना ने चपेट में लिया है। इससे पूर्व संक्रमण के पहले लहर में भी शिबू सोरेन कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।  तब उनकी पत्नी रूपी सोरेन भी पॉजिटिव थीं।  दोनों का इलाज मेदांता अस्पताल में कराया गया था। तब जाकर दोनों ठीक हुए थे। उसके बाद से गुरु जी के स्वास्थ्य को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही थी।  बावजूद इसके  फिर से कोरोना पॉजिटिव हो जाने से  झारखंड मुक्ति मोर्चा के सभी नेता और कार्यकर्ता चिंतित हैं। इससे पहले शिबू सोरेन के पुत्र और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और उनके बच्चे भी कोरोनावायरस के शिकार हुए थे। उनके रिपोर्ट भी पॉजिटिव आए थे। हालांकि, जांच में हेमंत सोरेन की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सूत्रों से जानकारी मिली है कि सीएम हाउस में गुरुजी का ट्रीटमेंट चल रहा है।