नई दिल्ली । कोरोना का संक्रमण बढ़ने के बीच दिल्ली में टीकाकरण की रफ्तार भी बढ़ गई है। इसका एक बड़ा कारण किशोरों का टीकाकरण है। बड़ी संख्या में किशोर टीका लेने के लिए टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इस वजह से किशोरों का टीकाकरण बढ़ रहा है। मंगलवार को पिछले दिन के मुकाबले किशोरों का टीकाकरण 58 फीसद अधिक हुआ। वहीं हैरान करने वाली बात यह है कि दिल्ली में पहली डोज लेने वाले 18 साल से अधिक उम्र के लोगों की संख्या भी अचानक बढ़ गई है।

दिल्ली में मंगलवार को एक लाख 97 हजार 923 लोगों ने टीका लिया। इसके तहत एक लाख सात हजार 978 लोगों ने पहली डोज दी गई। जिसमें 33,224 किशोर हैं। उत्तर पूर्वी दिल्ली में सबसे अधिक 6238 किशोरों को टीका लगा। वहीं 89,845 लोगों ने टीके की दूसरी डोज ली। एक दिन पहले 21,022 किशोरों को टीके की पहली डोज लगी थी। इसलिए दिल्ली में अब तक कुल 54,246 किशोरों को पहली डोज लग गई है।

18 साल से अधिक उम्र के 74,754 लोगों ने लिया टीके की पहली डोज

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से 18 साल से अधिक उम्र के लोग भी काफी संख्या में पहली डोज लेने के लिए पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी 74,754 लोगों ने टीके की पहली डोज ली। पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि दिल्ली में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों की आबादी करीब डेढ़ करोड़ है लेकिन अभी तक एक करोड़ 54 लाख से अधिक लोगों को टीके की कम से कम एक डोज दी जा चुकी है।