मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने ट्वीट पर राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का नुस्खा दिया है। इसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की सक्रियता की तारीफ करते हुए सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों को उनकी तरह सक्रिय होने की सलाह दी है और कहा है कि अगर ऐसा हो गया तो कोई भी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने से रोक नहीं सकता

उत्तर प्रदेश में महंगाई के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए अजय कुमार लल्लू के जोशीले रुख दर्शाने वाला वीडियो वायरल हुआ है। इस फोटो के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री और पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने लल्लू के उत्साह, उमंग, जोश और जुनून की  तारीफ करते हुए कमेंट किया है जिसमें सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों के लिए संदेश है। इसमें उन्होंने कहा है कि अगर सभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष इसी तरह सक्रिय हो जाएं तो कांग्रेस की सरकार और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता। 

यादव के इस ट्वीट में यूपी के बहाने एमपी पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि शिवराज सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए 2018 मई के पहले तक यादव के पास प्रदेश कांग्रेस की कमान थी। उस समय प्र्देश में शिवराज सरकार के खिलाफ यात्राएं निकाली गई थीं और प्रदेश के बड़े नेताओं को एक मंच पर लाकर विधानसभा का घेराव, सत्याग्रह जैसे कार्यक्रम किए थे। इसके बाद मई 2018 में कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनकर आए और सरकार कांग्रेस की बन गई। 15 महीने में ही सरकार के गिरने के बाद से अब तक शिवराज सरकार के खिलाफ कोई बड़ा आंदोलन नहीं हो सका है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भी अध्यक्ष की बैठक महीनों तक नहीं होती है जिससे पार्टी का प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस के गिनेचुने नेताओं की आवाजाही ही होती है। यही कारण है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस की निष्क्रियता को लेकर नेताओं की दबी जुबान में नाराजगी का प्रदर्शन गाहे ब गाहे नजर आती रहती है।