जयपुर। राजस्थान में इन दिनों बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की शादी की चर्चा हो रही है। बॉलीवुड हस्तियों की इस शादी के बीच फ्रांस की एक लड़की की भी शादी की खूब चर्चा राजस्थान में हो रही है। राजस्थान की संस्कृति एक विदेशी लड़की को इतनी रास आई कि उसने यहां के एक गांव के लड़के से शादी कर ली। फ्रांस की रहने वाली एलेनोर ने झुंझनू के भावेश को अपना जीवन साथी बना लिया। एलेनोर को राजस्थान इतना रास आया कि बस यहीं की होकर रह गईं। वो यहां घूमने आई थी। झुंझुनू के पचेरी गांव के भावेश पर उसका ऐसा दिल आया और दोनों ने बीते गुरुवार को शादी कर ली। एलेनोर फ्रांस की एक बड़ी टूर और ट्रेवल एंजेसी के काम को बढ़ाने के लिए भारत आईं थी। इसी दौरान चार साल पहले भावेश से उसकी मुलाकात हुई। दोनों की मुलाकात धीरे धीरे दोस्ती में बदल गई और दोनों को जब लगा कि अब दोस्ती को शादी में बदलने का वक्त है तो दोनों ने हिंदू रीति रिवाज से मंदिर में शादी की। इसके बाद बीते 9 दिसंबर को अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। इस शादी की चर्चा पूरे राजस्थान में हो रही है। राजधानीय जयपुर में दोनों ने अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन कराया।
  एलेनोर राजस्थान की संस्कृति में इतनी रच बस गई कि अब उसे पिया का घर ही अच्छा लग रहा है। फ्रांस को वो भूल रही है। भावेश के परिवार से उसे इतना लगाव है कि उसे अपने माता पिता की याद तक नहीं आती। भावेश के पचेरी गांव में वो शादियों का हिस्सा बनीं हैं, जहां उसे लोगों का इतना प्यार मिला। जिसे वो आज शब्दों में बयां नहीं कर पाई गांव की महिलाओं के साथ वो गीत गाने की कोशिश करती है और राजस्थानी गानों पर वो झूम उठती है। भावेश ने यूपीएससी की प्री परीक्षा पास की है, वो मेन्स की तैयारी में जुटे हैं। भावेश के पिता आर्मी में ऑफिसर थे। अब रिटायर हो चुके हैं। मां भी शिक्षिका थी, वो भी सेवानिवृत हैं। वो अपने माता पिाता के इकलौते बेटे हैं। माता पिता को जब भावेश ने विदेशी लड़की से शादी करने का प्रस्ताव रखा,तो उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। एलेनोर का राजस्थान की संस्कृति से गहरा जुड़ाव है। वो  गांव की औरतों के साथ बैठकर गीत तक गाती हैं। यहां का पहनावा। यहां की बोली और यहां के लोग उसे बेहद पसंद आये। फ्रांस में रहने वाले उसके माता पिता को उसके फैसले पर कोई अफसोस नहीं हुआ और उन्होंने शादी की मंजूरी दे दी। दोनों एक दूजे के हो गये। भावेश ने बातचीत में कहा कि ऐसी पत्नी पाकर बहुत खुश हूं,वो भले ही फ्रांस की रहने वाली है, मगर राजस्थान को वो जीती हैं। वो बड़ों का सम्मान करती हैं। गांव के लोगों से घुलना मिलना, उसे बहुत पसंद है। माता पिता उसे बहू के रूप में पाकर बहुत खुश हैं। मुझे कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। जयपुर के एडीएम अशोक कुमार फगेड़िया कहते हैं कि कोरोना से पहले विदेशी लड़कियां राजस्थान में खूब शादियां कर रही थीं। कोरोना इसमें बाधक जरूर बना है, पर आने वाले दिनों में ऐसे विवाह और बढेंगे।