दिल्ली | के मयूर विहार में आंध्र प्रदेश के एक कारोबारी को बदमाश ने चाकू दिखाकर रोक लिया। बदमाश ने उसके सीने पर चाकू लगाकर रुपये निकालकर जमीन पर डालने के लिए कहा। बेचारे कारोबारी ने ऐसा ही किया, लेकिन उसे ख्याल आया कि वह मयूर विहार से पहाड़गंज अपने होटल कैसे जाएगा। उसने बदमाश से होटल तक जाने के लिए 40 रुपये देने की गुहार लगाई।
बदमाश को भी शायद उस पर दया आ गई। आरोपी उसे 40 रुपये देकर वहां से फरार हो गया। पीड़ित ने बदमाश के जाने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित रमेश कुमार (52) परिवार के साथ आंध्र प्रदेश में रहते हैं। वह अपना कारोबार करते हैं। इसके अलावा वह इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग कॉर्पोरेट के सदस्य भी हैं। रविवार को वह अपने कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आए थे। यहां पहुंचने के बाद वह पहाड़गंज के एक होटल में कमरा लेकर रुके हुए थे।
रविवार को वह मयूर विहार स्थत एक पांच सितारा होटल में पार्टी में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 11 बजे वह पार्टी से निकलकर पैदल ही मेट्रो स्टेशन की ओर जाने लगे। अभी वह कुछ ही दूर चले होंगे कि अचानक एक युवक ने उनके सीने पर चाकू लगाकर उनको रोक लिया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर पीड़ित से रुपयों की मांग की।
आरोपी ने रुपये निकालकर जमीन पर डालने के लिए कहा। पीड़ित की जेब में उस समय चार हजार रुपये थे। रमेश ने ऐसा ही किया। इसके बाद उनका लगा कि वह पहाड़गंज के होटल कैसे जाएंगे। यह सोचकर उन्होंने बदमाश से गुहार लगाई कि वह उसे पहाड़गंज जाने के लिए रुपये दे दे। बदमाश को शायद उस पर दया आई और वह 40 रुपये देकर वहां से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
Please do not enter any spam link in the comment box.