मध्यप्रदेश की गंधवानी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री उमंग सिंगार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विवादित ट्वीट किया है। विधायक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का काशी में पूजा करते हुए फोटो लगा लिखा कि सनातन धर्म के पुराणों में जितने भी विनाशकारी राक्षसों का वर्णन है वह सभी भगवान शिव को ही प्रसन्न करने में लगे रहते थे। भाजपा ने कहा कांग्रेस की यह सोच विध्वंसक है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने कहा कि भगवान शिव के दरबार में देव भी जाते है और दानव भी जाते है। निश्चित ही विनाशकारी और विकासकारी दोनों ही भगवान शिव के चरणों में जाते है। जो देश का विकास कर रहे है। आत्मनिर्भर भारत बनाने का काम कर रहे है। वह शिव के चरणों में है। जो विनाशकारी लोग है। वह ट्विटर के माध्यम से अपनी बातें जनता के बीच में रख रहे है। आप प्रदेश, देश में नकारे गए हो। जब आप भगवान राम पर प्रश्चनचिन्ह लगाते हो। राम की आस्था पर प्रश्चनचिन्ह लगाते हो। आज आप शिव की आस्थाओं पर प्रश्चनचिन्ह लगा रहे हो। मुझे लगता है कि वह दिन दूर नहीं जब कांग्रेस इतिहास बन जाएंगी।

भाजपा के पूर्व प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की भाषा काशी के श्री विश्वनाथ धाम के पुननिर्माण में लगे कारीगारों, मजदूरों, इंजीनियरों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आस्थावान नागरिकों का भी अपमान है। कांग्रेस की यह सोच विध्वंसक है।

उन्होंने आगे लिखा कि हम न देव हैं न दानव हैं, हम मानव हैं। मानवता के लिए कार्य करते हैं। मानव संस्कृति और सभ्यता की सेवा में जुटे हैं। कांग्रेस तो वह पार्टी है जो मानवता पर हमलावर रहे आक्रांताओं व आतंकवादियों के पक्ष में ना सिर्फ खड़ी होती है बल्कि उन्हें राजनीतिक संरक्षण देने का कार्य भी करती है।

बता दें सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी, विश्वनाथ धाम के सौंदर्यीकरण एवं समग्र विकास के कार्यों का लोकार्पण किया। बीजेपी ने इसे देश भर में दिव्य काशी-भव्य काशी कार्यक्रम के रूप में मनाया।