भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में करंज और अर्जुन का पौधा लगाया। इस अवसर पर “कोई भूखा न रहे मेरे भोपाल में” के उद्देश्य से कार्य कर रहे धर्मश्री फाउंडेशन के कार्यकर्ता श्री सिद्धार्थ तिवारी, सुश्री प्रिया तिवारी और श्री प्रखर कोचर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान अपने संकल्प के क्रम में प्रतिदिन पौध-रोपण कर रहे हैं। पौध-रोपण को जन- आंदोलन बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रतिदिन सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों के साथ पौध-रोपण करते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने धर्मश्री फाउंडेशन के सदस्यों से चर्चा कर गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
संस्था की गतिविधियाँ
धर्मश्री फाउंडेशन ने गत दो वर्षों में कोरोना काल में "कोई भूखा न सोए मेरे भोपाल में" मिशन के तहत भोपाल के अलग-अलग स्थानों पर जा कर गरीब असहाय और जरूरतमंदों को भोजन एवं खाद्य सामग्री वितरित की। संस्था ने कोरोना से बचाव के लिए आवश्यक मास्क, सेनिटाइजर, हैंड ग्लव्स आदि सामग्री भी निःशुल्क वितरित की। कोविड की दोनों लहरों में संस्था के सदस्यों ने अपनी स्वयं की परवाह किए बिना निःस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्रियाँ उपलब्ध कराई। कोरोना की दूसरी लहर में भी संस्था द्वारा कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पतालों से संपर्क कर बेड उपलब्ध कराए गए। साथ ही, गंभीर मामलों में अवश्यकता पड़ने पर संस्था द्वारा ऑक्सीजन, प्लाज्मा एवं ब्लड डोनर्स के साथ संक्रमित मरीजों को आवश्यक इंजेक्शन भी उपलब्ध करवाए गए।
करंज और अर्जुन
करंज का पौधा आयुर्वेदिक चिकित्सा में महत्वपूर्ण माना गया है। करंज का इस्तेमाल धार्मिक कार्यों में भी किया जाता है। अर्जुन का वृक्ष औषधीय वृक्ष है, जिसकी छाल एवं रस का उपयोग हृदय एवं क्षय रोग जैसी बीमारियों में लाभदायक है। सदा हरा रहने वाला यह वृक्ष हिमालय की तराई एवं शुष्क स्थानों पर पाया जाता है। अर्जुन का वृक्ष मध्यप्रदेश में भी काफी संख्या में पाया जाता है।
Please do not enter any spam link in the comment box.