नई दिल्ली। व्यक्ति की किस्मत कब पलट जाए, कहा नहीं जा सकता। ये किस्मत ही है जो आपको राजा से रंक बना देती है। मलेशिया में रहने वाली एक महिला की किस्मत मछली पकड़ते-पकड़ते ही बदल गई। मलेशिया में रहने वाली ऐडा जुरिना लॉन्ग ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उसकी किस्मत ऐसे पलटेगी। महिला अपने परिवार के साथ मछली पकड़ती थी, फिर बाजार में उसे बेचकर मिलने वाले पैसे से अपना गुजारा करती थी। हाल ही में जब वो अपने परिवार के साथ मछली पकड़ने गई, तब उसे समुद्र में एक प्लास्टिकनुमा कचरा नजर आया। ऐडा ने सोचा कि समुद्र में कचरा तैर रहा है। उसने ‘ कचरे’ को पानी से निकाला और उसे फेंकने के लिए किनारे तक ले आई, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि जिसे वो कचरा समझ रही थी असल में वो खजाने की चाबी थी। मलेशियाई मीडिया के मुताबिक, महिला जिसे कचरा समझकर समुद्र से उठाकर लाई थी दरससल, वो व्हेल मछली की उल्टी थी। 41 वर्षीय ऐडा को भी इसका अंदाजा नहीं था कि यह कितनी बेशकीमती होती है। इसके बारे में ऐडा को उसके पिता ने बताया था, हालांकि उनके पिता ने भी इसे देखा नहीं था। करोड़ों में होती है व्हेल मछली के उल्टी की कीमत मार्केट में व्हेल मछली की उल्टी की कीमत करोड़ों में होती है। इसका वैज्ञानिक नाम एम्बरग्रीस है। मलेशिया के टेरेंगगनु में मौजूद मतस्य विभाग की टीम जल्द इस उल्टी का मुआयना करेगी और इसके बाद इसकी असली कीमत का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, अभी अंदाजा लगाया जा रहा है कि साइज के हिसाब से इसकी कीमत करोड़ों में जाएगी, असल कीमत का पता टीम जांच के बाद ही बता पाएगी।