भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। 24 घंटे में 18 नए पॉजिटिव मिले हैं। लगातार 7वें दिन सबसे ज्यादा 8 कोरोना केस भोपाल में सामने आए हैं। इंदौर में 6, ग्वालियर और जबलपुर में 2-2 संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 142 हो गई है। ग्वालियर में मिले संक्रमितों में से एक 48 साल का सेना का जवान है। पेट दर्द होने पर जांच कराने पर पॉजिटिव पाया गया। दूसरा 35 साल का युवक है। वह विशाखापट्टनम की ऑयल कंपनी में जॉब करता है। 20 दिन पहले ही ग्वालियर लौटा है। उसने भी पेट दर्द होने पर जांच कराई थी।
प्रदेश में 16 दिन में 245 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। रोजाना औसत 15 केस मिल रहे हैं। इन 16 दिन में सबसे ज्यादा पॉजिटिव भोपाल में 110 आए हैं। यहां रोज औसतन 7 केस आ रहे हैं। शुक्रवार को भोपाल में 15 पॉजिटिव मिले थे। इनमें 7 केस दूसरे जिले और रिपीट जांच रिपोर्ट वाले थे। इसके अलावा 16 दिन में इंदौर में 85 संक्रमित मिले हैं।
पॉजिटिविटी दर बढ़कर 0.03 प्रतिशत हुई
प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 223 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 553 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना की वजह से अब तक 10 हजार 528 लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को 8 मरीज ठीक हुए। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर बढ़कर 0.03 प्रतिशत हो गई है। रिकवरी रेट 98 प्रतिशत से ज्यादा है।
सरकार ने बनाई 3-टी रणनीति
मप्र सरकार ने नए वैरिएंट के चलते कोरोना की तीसरी लहर के खतरे से निपटने के लिए थ्री-टी रणनीति बनाई है। थ्री-टी यानी टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इसमें आरटी-पीसीआर में पॉजिटिव आने वाले सभी मरीजों का अनिवार्य रूप से जीनोम सीक्वेंसिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।