प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी कुछ ही देर में भोपाल पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक 12 बजकर 35 मिनट पर उनका विमान भोपाल उतरेगा। वे अमर शहीद बिरसा मुंडा की जयंती पर जंबूरी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। वे आदिवासियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। इसके बाद वे पीपीपी मॉडल पर 100 करोड़ रुपए में विकसित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन (हबीबगंज) का लोकार्पण करेंगे। मोदी भोपाल में करीब 3 घंटे 50 मिनट रहेंगे।

उधर, जंबूरी मैदान पर भाजपा समर्थकों और आदिवासियों का आना शुरू हो गया है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में पूरे राज्य से करीब 2 लाख आदिवासी आ सकते हैं। आदिवासियों में जबरदस्त उत्साह है। वे डांस करते हुए जंबूरी मैदान आ रहे हैं। कई मंत्री भी आ चुके हैं। सांसद सुमेर सिंह सोलंकी पारंपरिक वेशभूषा में आए हैं। सुमेर ने आदिवासियों को संबोधित किया। झाबुआ से आए आदिवासियों ने भगोरिया नृत्य किया।

पीएम विजिट की वजह से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के आसपास की सभी दुकानें बंद हैं। हबीबगंज अंडरब्रिज से आगे का रास्ता बंद कर दिया गया है। गोविंदपुरा भेल से अवधपुरी चौक और बोर्ड ऑफिस से रानी कमलापति स्टेशन तक का रास्ता बंद है। रानी कमलापति (पुराना नाम हबीबगंज) रेलवे स्टेशन पर भी तगड़ी सुरक्षा है। बसों का रूट बदल जाने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। ऑटोवाले दोगुना किराया ले रहे हैं। इससे ज्यादातर लोग पैदल ही रास्ता तय कर रहे हैं।

अपडेट्स

दोपहर 12.03: ज्योतिरादित्य सिंधिया भी जंबूरी मैदान पहुंच गए हैं। मंच पर संबोधन शुरू हो चुका है।

सुबह 11.30: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रानी कमलापति के उद्घाटन करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री किस तरह स्टेशन और नई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, इसकी रिहर्सल की गई।

सुबह 9 बजे: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल पहुंचे। एयरपोर्ट पर कई मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने सिंधिया का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के लिए जो पिछली सरकारों ने नहीं किया, वो आज प्रधानमंत्री मोदी करने जा रहे हैं।

PM का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  • दोपहर 12:35 भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • 1 बजे जंबूरी मैदान पर बनाए गए हेलीपैड पर आएंगे।
  • 1:05 बजे जनजातीय सम्मेलन कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
  • 1: 12 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान प्रथम विधानसभा के लिए निर्वाचित सदस्य लक्ष्मीनारायण गुप्ता का सम्मान करेंगे।
  • 1:20 बजे प्रधानमंत्री मंच पर आएंगे। यहां करीब 20 मिनट तक स्वागत कार्यक्रम चलेगा।
  • 1:40 बजे राशन आपके द्वार योजना के तहत वाहन की चाबी सौंपेंगे। विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के तीन चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देंगे। इसके साथ अन्य योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
  • 2 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संबोधन होगा।
  • 2:15 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद आभार व्यक्त मंत्री बिसाहूलाल सिंह करेंगे।
  • 3 बजे प्रधानमंत्री बरकतउल्ला विश्वविद्यालय स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे।
  • 3:10 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। लोकार्पण के बाद स्टेशन का अवलोकन करेंगे।
  • 3:20 बजे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री का संबोधन होगा।
  • 3: 30 बजे प्रधानमंत्री को संबोधन होगा।
  • PM के संबोधन के बाद एक मिनिट में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन आभार प्रदर्शन करेंगे।
  • शाम 4 बजे प्रधानमंत्री एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दिल्ली रवाना हो जाएंगे।