![](https://pradeshlive.com/uploads/news/202012/origcongress6527550835x547-m1605989576_1606820207.jpg)
लखनऊ । कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को घर-घर तक पहुँचाने के लिए पार्टी पूरे प्रदेश में प्रतिज्ञा सम्मेलन करने जा रही है। इसी क्रम मंे कल 14 नवंबर को बुलंदशहर और 15 नवंबर को मुरादाबाद में होने जा रहे ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022’ को राष्ट्रीय महासचिव एवं उप्र प्रभारी प्रियंका गाँधी संबोधित करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को यहां बताया कि पिछले तीन सालों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में न सिर्फ़ आम जनता के मुद्दों को पुरज़ोर तरीक़े से उठा कर सरकार की जवाबदेही तय की बल्कि संगठन को मज़बूत करने का काम भी बड़े स्तर पर किया है। ‘संगठन सृजन’ कार्यक्रम के अंतर्गत पार्टी ने ज़िला, ब्लॉक, न्याय पंचायत से लेकर ग्रामसभा तक कर्मठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की फौज तैयार की है। चाहे कोरोना का संकट रहा हो या किसानों का दमन, महिलाओं की सुरक्षा का सवाल रहा हो या सूबे में बढ़ता अपराध, या फिर बेरोज़गारों की लड़ाई, कांग्रेस के सिपाही हर मोर्चे पर संघर्ष करते हुए जनता के शोक को शक्ति बनाने में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सरकार बनने पर लड़कियों को स्मार्टफोन और स्कूटी देने, किसानों का पूरा क़र्ज़ माफ़ करने, 2500 रुपये में गेहूँ-धान और 400 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गन्ना ख़रीदने, सबका बिजली बिल हाफ करने और कोरोना काल का बकाया बिल माफ़ करने, कोरोना की आर्थिक मार को देखते हुए हर परिवार को 25 हज़ार रुपये की मदद देने और 20 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने संबंधी जो प्रतिज्ञाएँ की हैं उन्हें जन-जन तक पहुँचाने काम ज़ोरों से शुरू हो गया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि अगले चुनाव में तीन दशकों से जारी कुशासन का अंत होगा और कांग्रेस के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश फिर से विकास और सद्भाव के मार्ग पर लौटेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि महासचिव प्रियंका गांधी पूरे प्रदेश में आयोजित होने जा रहे ‘काग्रेस पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022’ में संगठन के पदाधिकारियों से महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद स्थापित करेंगी। पहले पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन का आयोजन बुलन्दशहर में 14 नवम्बर को किया जा रहा है। यहाँ पर आगरा, अलीगढ़, मेरठ मंडल के 14 ज़िलों से पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। अगले दिन 15 नवम्बर को मुरादाबाद में आयोजित ‘पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022’ में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली के 12 ज़िलों के पदाधिकारियों से मिल कर प्रियंका गांधी संवाद करेंगी।
Please do not enter any spam link in the comment box.