भोपाल । प्रदेश में हवाओं का रुख बदलने लगा है। इसकी वजह से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। उत्तरी हवाओं का दखल कम होने के कारण रविवार से दिन और रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस वजह से धूप में कुछ तल्खी बढ़ेगी। साथ ही रात में भी ठंड का असर कुछ कम होगा। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की तरफ बढ़ने लगा है। इसके कारण हवाओं का रुख भी बदलने लगा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी तीन-चार दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर तापमान में गिरावट दर्ज होने लगेगी। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के अनुसार, शनिवार से ही हवा के रुख में परिवर्तन दिखने लगा है। निचले स्तर पर तो हवा का रुख उत्तरी बना था, लेकिन लगभग 200 मीटर ऊपर हवाओं का रुख पूर्वी होने लगा था। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से पाकिस्तान और उसके आसपास एक प्रेरित चक्रवात के बनने की संभावना है।इस सिस्टम के असर से उत्तरी हवाएं आना बंद हो जाएंगी। हवाओं का दक्षिण-पश्चिमी होने से वातावरण में नमी बढ़ने लगेगी। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी। उधर पश्चिमी विक्षोभ के एक नवंबर को उत्तर भारत में प्रवेश करने पर पहाड़ों पर फिर बर्फबारी होगी। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर हवाओं का रुख उत्तरी होते ही तापमान में एक बार गिरावट का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा के अनुसार, शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्रीसे. कम रहा, लेकिन शुक्रवार के अधिकतम तापमान (28.1 डिग्री से.) की तुलना में 1.1 डिग्री से. अधिक रहा।
बदलने लगा हवाओं का रुख, बढेगा तापमान
मंगलवार, नवंबर 02, 2021
0
Tags
Please do not enter any spam link in the comment box.