भोपाल । जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर राजधानी में पांच लाख आदिवासियों को भाजपा एकत्र करेगी। बिरसा मुंडा की जन्मतिथि पर  15 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनजातीय गौरव दिवस का शुभारंभ करेंगे। राजधानी के जम्बूरी मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारी के लिए सोमवार को पार्टी की एक बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत, मंत्री बिसाहूलाल सिंह , मीना सिंह, सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, गुमान सिंह डामोर, डीडी उइके, भाजपा प्रदेश मंत्री जयपाल पटेल सहित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमें यह प्रयास करना है कि प्रदेश के हर क्षेत्र जनजातीय बंधु इस आयोजन में अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हों। हमारा प्रयास हो कि प्रधानमंत्री जी की उपस्थिति में होने वाले इस आयोजन से हमारी जनजातीय संस्कृति की छटा प्रदर्शित हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति में होने वाले कार्यक्रम को प्रत्येक पंचायत में टीवी पर प्रसारित किए जाएगा, ताकि गांव-गांव तक लोग प्रधानमंत्री की बात सुन सकें और अपनी जनजातीय संस्कृति की झलक देखकर गर्व का अनुभव करें।बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा इसके लिए पंचायतों से लेकर राजधानी तक तैयारियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिनकी सफलता और प्रचार-प्रसार के लिए पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी योजना बनाकर काम करें। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन पर केंद्रित अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इस संबंध में किए गए कार्यों की समीक्षा की तथा विभिन्न् कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी।