
लखनऊ । राजधानी लखनऊ में बुधवार को एक दंपति के शव कमरे में पड़े मिले। महिला की लाश जमीन पर पड़ी थी, जबकि पति फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को ही उन्होंने नया घर लिया था और रिश्तेदारों ने आकर उस दिन पार्टी की थी। उसके अगले दिन दोनों की लाश मिली। परिजनों ने बताया कि सुबह कमरे का दरवाजा न खुलने पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आशंका जता रही है कि पहले पति ने पत्नी को मारा फिर डर से खुद फांसी लगा ली।
प्राप्त विवरण के मुताबिक घटना गोमती नगर विस्तार स्थित गंगोत्री विहार फेस-2 की है। बताया जा रहा है कि आर्केस्ट्रा पार्टी में डांस करने पर दोनों में विवाद हुआ था। डीसीपी पूर्वी अमित कुमार आनंद ने बताया कि श्याम किशोर मिश्रा (38) व उनकी पत्नी साधना (36) पहले खरगापुर इलाके में रहते थे। इनके दो बच्चे थे, बेटा अविनाश (7) व बेटी आदिति (8)। एक दिन पहले ही गंगोत्री विहार में रहने आए थे। श्याम किशोर के तीन भाई है। बड़े भाई राम किशोर व छोटे भाई ब्रज किशोर। नया घर तीन मंजिला बना था। श्याम पत्नी के साथ दूसरी मंजिल पर रहते थे। गृह प्रवेश पर श्याम किशोर मिश्रा ने आर्केस्ट्रा पार्टी का भी व्यवस्था की थी। इसमें आई लड़कियों संग डांस करने को लेकर पत्नी साधना से विवाद हो गया। जिसके चलते दो बार साधना पकड़कर उन्हें घर ले गई, लेकिन वह दोनों बार वापस लौट आए। इसके बाद परिजनों के बीच में पड़ने पर घर गए। जहां दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। आशंका है कि इसके बाद श्याम किशोर ने यह आत्मघाती कदम उठाया। एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव के मुताबिक श्याम किशोर नशे का लती था। कल भी नशेबीजी और आर्केस्ट्रा पार्टी में आई युवतियों के साथ डांस को लेकर पत्नी से विवाद की बात सामने आई है।
सुबह जब काफी देर तक कोई नीचे आया तो दरवाज खटखटाया गया। लेकिन, कोई उत्तर नहीं आने पर संदेह हुआ। बड़े भाई ब्रज किशोर ने पुलिस को जानकारी दी। खिड़की से झांककर देखा तो दोनों के शव दिखे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को बाहर निकाला। पहले वाले घर में भी ये लोग एक साथ रहते थे। श्याम की पहले मोबाइल की दुकान थी बाद में वो अपने भाई के साथ ट्रेडिंग का काम करने लगा था।

Please do not enter any spam link in the comment box.