भिलाई। खम्हरिया के दीनदयाल उपाध्याय कालोनी में एक किराना दुकान की आड़ में हुक्का परोसने वाले वाले एक युवक को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दीनदयाल उपाध्याय कालोनी में बड़े पैमाने पर कालेज में पढ़ने वाले युवक और युवती रहते हैं।
वे आरोपित की दुकान पर हुक्का पीने के लिए जाते थे। मुखबिर की सूचना पर सुपेला पुलिस ने किराना दुकान संचालक को हुक्का पिलाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ धूम्रपान निषेध अधिनियम और धूम्रपान न करने वालों का स्वास्थ्य प्रतिरक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय कालोनी खम्हरिया में किराना की दुकान चलाने आरोपित प्रदीप साहू (28) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित ने शुरुआत में किराने की दुकान खोली थी। लेकिन, हुक्का का चलन बढ़ना देख उसने अपने दुकान में भी हुक्का पिलाना शुरू कर दिया।
उसकी दुकान में हमेशा युवक-युवतियों का जमावड़ा लगा रहता था और वो उन्हें हुक्का उपलब्ध करवाता था। मुखबिर से इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित की दुकान में दबिश दी और उसे हुक्का पिलाते हुए गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि हुक्का के चलते उसकी अच्छी आमदनी हो जाती थी। इसलिए वो हुक्का का कारोबार करने लगा था।

Please do not enter any spam link in the comment box.