रायपुर। मौसम में आए बदलाव के असर से मंगलवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। कुछ क्षेत्रों में तो सुबह के कोहरे की वजह से यातायात भी बाधित रहा। साथ ही रायपुर विमानतल पर हवाई यातायात प्रभावित रहा। हालांकि मौसम खुलते ही धूप निकली और मौसम में थोड़ी गर्मी ही रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि कुछ दिनों बाद ठंड में बढ़ोतरी के आसार हैं। अभी प्रदेश में उत्तरी छत्तीसगढ़ से शुष्क हवाएं आनी शुरू होंगी और इसके प्रभाव से ही बुधवार को कोहरा भी छाने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में ठंड में और बढ़ोतरी संकेत हैं।
मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश भर में पेंड्रा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि शुष्क हवाओं के आने के कारण प्रदेश में बुधवार को मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही उत्तरी भाग में ठंडी हवाएं आने के कारण अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी आने की संभावना नहीं है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को भी कोहरे का असर देखने को मिलेगा।

Please do not enter any spam link in the comment box.