रांची | रेल मंडल के अंतर्गत रांची चौपन ट्रेन का परिचालन कल से शुरू होगा। इसकी घोषणा रेलवे द्वारा कर दी गई है। 10 नवंबर को ट्रेन को डालटनगंज सांसद बीडी राम गढ़वा रोड से हरी झंडी दिखाएंगे। रांची चौपन स्पेशल एक्सप्रेस रांची स्टेशन से सुबह 8:20 बजे खुलेगी। 12.03 बजे टोरी और चौपन 5.25 बजे पहुंचेगी। चौपन से ट्रेन सुबह 9 बजे खुलेगी, टोरी से दोपहर 1.37 बजे और रांची स्टेशन पर अपराह्न 4:00 बजे पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त लोहरदगा, लातेहार, बरवाडीह, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, रमना, नगर उंटारी और रेणुकूट को कमर्शियल स्टॉपेज बनाया गया है।
रांची स्टेशन से ट्रेन मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को खुलेगी, जबकि चोपन से मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और सोमवार को खुलेगी। उल्लेखनीय है कि कोरोना के कारण ट्रेन का परिचालन लंबे समय से प्रभावित था। छह मार्च 2020 को ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया था। ट्रेन का परिचालन शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। परिचालन नहीं होने से यात्रियों को चौपन जाने में परेशानी हो रही थी। उन्हें टोरी तक ही अन्य ट्रेनों की सेवा मिल रही थी। लंबे समय से ट्रेन का परिचालन बंद होने के कारण इस संबंध में कई बार सांसद, विधायक द्वारा मांग की जा चुकी है।

Please do not enter any spam link in the comment box.