नई दिल्ली देश आज 71वां संविधान दिवस मना रहा है। इस मौके पर संसद के सेंट्रल हॉल में मुख्य कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने परिवारवाद पर निशाना साधते हुए कांग्रेस को 'पार्टी फॉर द फैमिली, पार्टी बाय द फैमिली' कहा। मोदी ने यह भी कहा कि संविधान बनाने वालों ने देशहित को सबसे ऊपर रखा, लेकिन समय के साथ नेशन फर्स्ट पर राजनीति का इतना असर हुआ कि देशहित पीछे छूट गया।

जिस कांग्रेस पर प्रधानमंत्री ने निशाना साधा, उसके साथ देश की 14 विपक्षी पार्टियों ने संविधान दिवस के कार्यक्रम का बहिष्कार किया है। इनमें शिव सेना, NCP, समाजवादी पार्टी, राजद, IUML और DMK शामिल हैं। दरअसल, कांग्रेस और तृणमूल ने पहले ही कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस की अपील पर बाकी पार्टियों ने भी कार्यक्रम में न पहुंचने का ऐलान कर दिया।

मुंबई हमले में मारे गए लोगों को याद किया

कार्यक्रम की शुरुआत में मोदी ने कहा, 'आज का दिन अंबेडकर, राजेंद्र प्रसाद जैसे दूरंदेशी महानुभावों को नमन करने का है। आज का दिन इस सदन को प्रणाम करने का है। आज 26/11 का भी दिन है। वो दुखद दिन, जब देश के दुश्मनों ने देश के भीतर आकर मुंबई में ऐसी आतंकवादी घटना को अंजाम दिया। भारत के संविधान में सूचित देश के सामान्य आदमी की रक्षा की जिम्मेदारी के तहत अनेक हमारे वीर जवानों ने उन आतंकवादियों से लोहा लेते-लेते अपने आपको समर्पित कर सर्वोच्च बलिदान किया। मैं आज उन सभी बलिदानियों को नमन करता हूं।'

राजनीति के चलते देशहित पीछे छूटा

मोदी ने कहा, 'कभी हम सोचें कि हमें संविधान बनाने की जरूरत होती तो क्या होता। आजादी की लड़ाई, विभाजन की विभीषिका का बावजूद देशहित सबसे बड़ा है, हर एक के हृदय में यही मंत्र था संविधान बनाते वक्त। विविधिताओं से भरा देश, अनेक बोलियां, पंथ और राजे-रजवाड़े, इन सबके बावजूद संविधान के माध्यम से देश को एक बंधन में बांधकर देश को आगे बढ़ाना। आज के संदर्भ में देखें तो संविधान का एक पेज भी शायद हम पूरा कर पाते। क्योंकि, समय ने नेशन फर्स्ट पर राजनीति ने इतना प्रभाव पैदा कर दिया है कि देशहित पीछे छूट जाता है।'

अपना मूल्यांकन करने की जरूरत

PM ने कहा, 'साथियों, हमारा संविधान सिर्फ अनेक धाराओं का संग्रह नहीं है। संविधान सहस्त्रों सालों की भारत की महान परंपरा, अखंड धारा की आधुनिक अभिव्यक्ति है। हमारे लिए लेटर एंड स्प्रिट में संविधान के प्रति समर्पण है। जब हम संवैधानिक व्यवस्था से जनप्रतिनिधि के रूप में ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक दायित्व निभाते हैं, तो इसी भावना को याद रखना होगा। ऐसा करते वक्त संविधान की भावनाओं को कहां चोट पहुंच रही है, इसे भी नजरंदाज नहीं कर सकते हैं। इस संविधान दिवस को इसलिए भी मनाना चाहिए कि जो कुछ भी कर रहे हैं, वो संविधान के लिहाज से सही है या गलत। रास्ता सही है या गलत। हमें अपना मूल्यांकन करना चाहिए।

26 नंवबर को ही मनाना चाहिए था संविधान दिवस

प्रधानमंत्री ने कहा, 'अच्छा होता देश आजाद होने के बाद 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू करनी चाहिए थी। इसकी वजह से हमारी पीढ़ियां जानती कि संविधान बना कैसे, किसने बनाया, क्यों बनाया, ये कहां ले जाता है, कैसे ले जाता इसी चर्चा होती हर साल। इसे हमने समाजिक दस्तावेज और जीवंत इकाई माना है। विविधता भरे देश में ये ताकत के रूप में अवसर के रूप में काम आता। कुछ लोग इससे चूक गए। अंबेडकर की 125वीं जयंती पर हमें लगा कि इससे बड़ा पवित्र अवसर क्या हो सकता है कि अंबेडकर ने जो पवित्र नजराना दिया है, उसे हम याद करते रहें।'

संसद में 26 नवंबर का जिक्र करने पर विरोध हुआ

मोदी ने कहा, '2015 में जब इसी सदन में मैं बोल रहा था, उस दिन भी विरोध हुआ था कि 26 नवंबर कहां से लाए, क्यों कर रहे हो, क्या जरूरत थी। भारत संवैधानिक लोकतांत्रिक परंपरा है। राजनीतिक दलों का अपना अहम महत्व है। राजनीतिक दल भी हमारी संविधान की भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम हैं। संविधान की भावना को भी चोट पहुंची है। संविधान की एक-एक धारा को भी चोट पहुंची है।'

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हो रहा आयोजन

संसदीय मामलों के मंत्रालय की तरफ से जारी की गई रिलीज के मुताबिक, केंद्र सरकार संविधान दिवस को आजादी के अमृत महोत्सव के हिस्से के तौर पर मना रही है। संसद की तरफ से आयोजित किए गए कार्यक्रम को उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला भी संबोधित कर रहे हैं।

उनके संबोधन के बाद राष्ट्रपति उनके साथ मिलकर संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति कोविंद संविधान सभा की चर्चाओं की डिजिटल कॉपी, भारतीय संविधान की लिखित कॉपी का डिजिटल वर्जन और भारतीय संविधान की नई अपडेटेड कॉपी शामिल होगी, जिसमें अभी तक के सभी संशोधन शामिल किए जाएंगे।