
नई दिल्ली। द्वारका साउथ इलाके में पत्नी से झगड़ा कर रहे एक शख्स के गाली देने पर पड़ोसी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। लाठी-डंडे से पिटाई करने से वह अधमरा हो गया। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल शख्स की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। घायल शख्स का नाम अजय प्रकाश है। पेशे से चालक अजय प्रकाश अपनी पत्नी चंद्रवती के साथ द्वारका सेक्टर-एक में रहता है। चंद्रवती ने पुलिस को बताया कि शनिवार को अजय प्रकाश घर पर था। शाम में उसने शराब पी ली। रात में शराब के नशे में वह उसे गाली देने लगा।
शोर शराबा सुनकर उसका पड़ोसी दयाशंकर आया और अजय को गाली देने से मना किया। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। दयाशंकर अपने घर से एक डंडा लेकर आया और अजय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर डंडा लगने से अजय अचेत होकर गिर गया। घटना को अंजाम देकर दयाशंकर फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
वहीं, वजीरपुर गांव में झगड़े की काल पर पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर युवक ने हमला कर दिया। वारदात के समय युवक महिला की पिटाई कर रहा था। जिसे दोनों पुलिसकर्मी रोक रहे थे। इस बाबत अशोक विहार थाने में मारपीट, सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने आदि धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर पुलिस को वजीरपुर में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना के बाद मौके पर अशोक विहार थाने के एएसआइ मौजिज हसन व हेड कांस्टेबल कुलदीप पहुंचे। दोनों काल करने वाली मीनू नाम की महिला से मामले की जानकारी ले रहे थे। तभी 30 वर्षीय सचिन ने स्टील के राड से महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों से रोका तो उसने रोड से दोनों पुलिसकर्मी पर भी हमला कर दिया। जिससे महिला और पुलिसकर्मी घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
Please do not enter any spam link in the comment box.