
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में छठ पूजा के आयोजन पर लगे प्रतिबंध के विरोध में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी घायल हो गए और उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। पार्टी नेता नीलकांत बख्शी ने बताया कि चोट उनके कान में लगी है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और अन्य ने राष्ट्रीय राजधानी में लाखों पूर्वांचलियों द्वारा मनाए जाने वाले त्यौहार के आयोजन पर प्रतिबंध लगाने पर दिल्ली सरकार की निंदा की।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने 30 सितंबर को अपने आदेश में कोविड-19 के मद्देनजर नदी तटों, जलाशयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन पर रोक लगा दी थी। हालांकि, गुप्ता ने कहा था कि छठ पूजा धूमधाम से मनेगी और भाजपा शासित नगर निगम इसकी व्यवस्था करेगी।

Please do not enter any spam link in the comment box.