• नवमी पर हर बूथ पर कन्या पूजन, दशहरे पर विजय संकल्प
  • चुनावी क्षेत्रों के साथ-साथ पूरे प्रदेश में 40 लाख कन्याओं का एक साथ पूजन करेंगे


भोपाल । भारतीय जनता पार्टी परसों महानवमी पर पूरे प्रदेश में कन्या पूजन का बड़ा आयोजन करने जा रही है। यह आयोजन चार उपचुनाव वाली सीटों के क्षेत्रों के साथ-साथ प्रदेश के हर जिले में किया जाएगा। चुनाव वाले क्षेत्रों में ये आयोजन बूथ पर होंगे। वहीं दशहरे पर भाजपा विजय संकल्प दिवस मनाकर उपचुनाव में विजय का संकल्प लेगी।
भाजपा और धर्म एक-दूसरे के पूरक रहे हैं और हर समय भाजपा लोगों को धर्म के माध्यम से जोड़ती रही है। इसी को लेकर भाजपा महानवमी पर बड़ा आयोजन करने की तैयारी कर रही है। हालांकि ये आयोजन वार्ड और बूथ स्तर पर होंगे। जिलास्तर पर अभी किसी बड़े कार्यक्रम की सूचना नहीं है। इंदौर आए प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक अनौपचारिक चर्चा में कहा कि हिन्दू धर्म में नवरात्रि पर कन्या पूजन का विशेष महत्व है। ऐसा नहीं है कि चुनाव है तो ही कन्या पूजन का आयोजन किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में महानवमी को 40 लाख कन्याओं का पूजन किया जाएगा। इसके लिए सभी बूथ अध्यक्षों से कहा गया है कि वे सर्वप्रथम अपने-अपने घर पर कन्या पूजन करें और उसके बाद बूथ स्तर पर कन्याओं का पादपूजन करें। उपचुनाव वाली सीटों पर भी ये कार्यक्रम विशेष तौर पर आयोजित किया जाएगा। दशहरे पर हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने-अपने घर पर भाजपा का झंडा लगाएगा और विजय का संकल्प लेगा। उपचुनाव में चारों सीटों पर भाजपा जीतेगी इसका संकल्प चारों सीटों पर दिलाया जाएगा। जहां-जहां उपचुनाव है, वहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विजय संकल्प दिवस मनाया जाएगा।