भोपाल। भारतीय जनता पार्टी संपूर्ण मध्यप्रदेश में श्रद्धेय आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के कार्यक्रम आयोजित करेगी। आगामी 20 अक्टूबर को इस अवसर पर भाजपा पूरे मध्यप्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसके साथ ही भाजपा के कार्यक्रम ’विजय संकल्प ध्वज’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सतना जिले के रैगांव स्थित सिमरवाड़ा में विजय संकल्प ध्वज फहराएंगे। वहीं प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा पृथ्वीपुर में विजय संकल्प ध्वज फहराएंगे।
यह निर्णय मंगलवार को आयोजित भाजपा चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए। बैठक की अध्यक्षता भाजपा चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक भूपेंद्र सिंह ने की। प्रदेश प्रबंध समिति के संयोजक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक में महर्षि वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रमों को अंतिम रूप प्रदान किया गया। श्री सिंह ने कहा कि रामायण के रचयिता वाल्मीकि जी सभी की आस्था के प्रतीक पुंज हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में 15 अक्टूबर को मनाये जाने वाले विजय संकल्प ध्वज दिवस की रूपरेखा भी तय कर ली गयी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस दिन सिमरवाड़ा में विजय संकल्प ध्वज फहराएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत शर्मा पृथ्वीपुर में ध्वज फहराएंगे। प्रदेश अध्यक्ष के साथ नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय खंडवा लोकसभा के बड़वाह में इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। शेष सभी स्थानों पर भी पार्टी के वरिष्ठ नेतागण विजय संकल्प ध्वज कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।