नई दिल्ली । आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार और संगठन में जातिगत समीकरण दुरुस्त करने के बाद अब क्षेत्रवार नब्ज टटोलने का सिलसिला शुरू किया गया है। इसकी कमान संगठन के साथ मिल कर खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभाल रहे हैं। क्षेत्रवार फीडबैक लेने का सिलसिला शुरू किया गया है। खीरी के घटनाक्रम के बाद इस अभियान की शुरुआत शुक्रवार को अवध क्षेत्र से की गई। मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार की शाम हुई बैठक में सबसे पहले विधानसभा क्षेत्रवार फीडबैक लिया गया। सांसद-विधायकों से पूछा गया कि क्या स्थिति है? पार्टी के पक्ष में हवा बनाने को ऐसा क्या किया जाए, जिसका चुनावी लाभ पार्टी और प्रत्याशी को मिल सके। विधायकों ने क्षेत्र के अधूरे कामों की जानकारी दी। इनमें कुछ ऐसे काम हैं, जिन्हें कम खर्च में अगले दो-तीन महीने में पूरा किया जा सकता है। इसका माइलेज भी पार्टी को मिलेगा। कुछ विधायकों ने गांव में बिजली कटौती का मुद्दा उठाया तो किसी ने बाढ़ के कारण कटाव का मसला रखा। संगठन या सरकार से जुड़े विषय भी पूछे गए। इसके साथ ही संगठनात्मक अभियानों और कार्यक्रमों को लेकर भी बात की गई। क्षेत्रीय मुद्दों के जरिए कैसे माहौल बनाया जा सकता है। विधायकों-सांसदों से कहा गया कि पार्टी के अभियान और कार्यक्रमों में हर हाल में हिस्सेदारी करें। मुख्यमंत्री ने सभी को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कई अच्छे सुझाव आए हैं। उन पर गंभीरता से विचार होगा। उन्होंने बेहतर समन्वय के साथ केंद्र और राज्य सरकार के काम जनता तक पहुंचाने को कहा। जनता को पुरानी और अपनी सरकार का फर्क बताएं। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि संगठन से अच्छा तालमेल बनाते हुए जनता के बीच लगातार संपर्क बढ़ाएं। अधिकाधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने आगामी सौ दिन में सौ काम की रूपरेखा समझाई। कहा कि डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने को सदस्यता अभियान इसी माह शुरू हो रहा है। अधिकाधिक लोगों को जोड़ें। वोट बढ़वाएं। आगामी प्रचार योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।
Please do not enter any spam link in the comment box.