• नवमी पर सीएम लाड़ली लक्ष्मियों से करेंगे संवाद तो विजय दशमी से बेटियों को जूडो-कराटे सिखाएगी कांग्रेस


भोपाल । उपचुनाव के साथ ही मिशन 2023 के लिए भाजपा और कांग्रेस ने आधी आबादी यानी नारी शक्ति का साधने का जतन शुरू कर दिया है। नवरात्र की नवमीं  यानी 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री शिवरासिंह चौहान प्रदेश की 40 लाख लाड़ली लक्ष्मियों से संवाद करेंगे। वहीं महिला कांग्रेस विजय दशमी यानी 15 अक्टूबर से बेटियों को जूडो-कराटे सिखाएगी।मुख्यमंत्री के लाड़ली लक्ष्मियों से संवाद कार्यक्रम वृहद स्तर पर होगा। इस आयोजन से पार्टी कार्यकर्ता भी जुड़ेंगे। इस अभियान को लेकर पार्टी तैयारियों में जुटी हुई है। यह जानकारी चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व प्रदेश शासन के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने दी। सोमवार को समिति की बैठक थी। बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए सिंह ने बताया कि खंडवा लोकसभा और रैगांव, पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभाओं के उपचुनाव में भाजपा का चुनाव प्रचार जारी है।

घर-घर फहराया जाएगा भाजपा का ध्वज
भूपेंद्र सिंह ने ने बताया कि खंडवा लोकसभा की सभी विधानसभाओं एवं उपचुनाव वाली तीन विधानसभाओं में भी मंडल एवं बूथ स्तर तक चुनाव केंद्रित कार्यक्रम हो रहे हैं। विजयादशमी पर उपचुनाव वाले क्षेत्रों में कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी का ध्वज फहराएंगे और उपचुनाव में विजय का संकल्प लेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक, प्रहलाद पटेल, फग्गनसिंह कुलस्ते, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य सहित अन्य नेतागण कार्यकर्ताओं के साथ कन्यापूजन, ध्वजपूजन कर कार्यकर्ताओं को उपचुनाव में जीत का संकल्प दिलाएंगे।

कांग्रेस बेटियों को बनाएगी सशक्त
छेड़छाड़ करने वालों को मुंह तोड जवाब देने और आत्मरक्षा के लिए प्रदेश महिला कांग्रेस विजयादशमी पर्व से बेटियों को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण देगी। इस दौरान कन्या पूजन भी किया जाएगा। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना जायसवाल ने बताया कि हम सदियों से दशहरा पर्व पर कन्या पूजन करते आ रहे हैं। वर्तमान में बेटियों पर अत्याचार और अमानवीय घटनाएं बहुत बढ़ गई हैं। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार बेटी बचाओ का झूठा नारा देकर दिखावा कर रही है। दुष्कर्म की घटनाएं रोकने में सरकार पूरी तरह असफल है। हम चाहते हैं कि बेटियां स्वयं सशक्त बनें। इसलिए महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश मे कन्या पूजन के साथ-साथ बेटियों को निडर बनाने एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए जूडो कराटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने जा रही है। प्रदेश के हर जिले, शहर में शिविर लगाकर बेटियों को प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा।