दिल्ली | में कुछ दिन पहले एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) के बेटे की हत्या करने के मामले के आरोपी को दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगने के चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) शंकर चौधरी ने बताया कि 15 अक्टूबर की रात द्वारका सेक्टर-23 इलाके में पुलिस ने आरोपी अनिल जून को रोका था, लेकिन उसने पुलिस पर तीन गोलियां चलाईं। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी तीन राउंड गोलियां चलाईं, जो आरोपी के घुटने में लगी। अनिल को इसके बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में रुपयों के विवाद को लेकर दिल्ली पुलिस के एएसआई देवेंद्र के 29 वर्षीय बेटे ताकेश की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ताकेश ने अनीता से 2,000 रुपये उधार लिए थे। अनिल जून और अनीता भारी ब्याज के साथ राशि वापस करने के लिए उसे परेशान कर रहे थे। अनीता ताकेश को अनिल के घर ले गई, जिसने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

Please do not enter any spam link in the comment box.