प्रयागराज । कांग्रेस के 2022 चुनावी घोषणा पत्र के चेयरमैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि बीजेपी देश के लिए समस्या बन चुकी है। जनता बीजेपी की चालों को समझ गई है और आने वाले 2022 के चुनाव में इसका जवाब देगी। कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी समस्या बीजेपी है। भाजपा कहती कुछ है और करती कुछ है। कथनी और करनी में बड़ा अंतर हैं। उनका लक्ष्य लोगों को इस तरह बांटकर रखना है कि कोई कभी उनकी सियासत के आगे न बढ़ सके।
खुर्शीद ने शनिवार को यहां दारागंज झुग्गी झोपड़ी के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सेना की भूमि पर अस्थायी तौर पर रह रहे लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार यूपी में 2022 के चुनाव में जीतकर आती है तो उनकी समस्याओं का हल निकाल लिया जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री यहां कांगेस के चुनावी घोषणापत्र को तैयार करने के लिए सिलसिले में लोगों से बात करने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी का यह कहना है कि कांग्रेस अपनी सियासी जमीन खो चुकी है तो वे कांग्रेस को ऐसा क्यूं कह रही है, काहे परेशान हैं। बीजेपी, कांग्रेस की बात क्यों कर रही है। कहते हैं कि कांग्रेस का भविष्य नहीं हैं। अरे तो भूल जाएं कांग्रेस को, कांग्रेस जनता के बीच है, कांग्रेस खुश है। कांग्रेस के पास न तो कुर्सी है, न सत्ता है और न कांग्रेस के पास कोई पद है। फिर भी बीजेपी परेशान है। उन्होंने कहा कि पिताश्री, अब्बा जान, राम मंदिर और बाबरी मस्जिद, रामराज और निजामें मुस्ताफा सब एक चीज हैं। नाम अलग-अलग है, लेकिन आत्मा एक है, रूह एक है। उन्होंने कहा कि वे धर्म के नाम पर राजनीतिक ध्रुवीकरण नहीं होने देंगे। 
एक सवाल के जवाब में कहा कि जब राहुल और प्रियंका गांधी ट्विटर पर नहीं थे, तो लोग कहते हैं कि ट्विटर पर नहीं आते। आधुनिक युग को नहीं समझते। जब वे ट्विटर पर आए तो कहते हैं कि ट्विटर के नेता हैं। कौन कहता है कि वे ट्विटर के नेता है, उनकों कहना चाहिए न, वे उनको (राहुल गांधी) नेता मानते हैं, वे उनसे प्रसन्न हैं, संतुष्ट हैं, तो दूसरे के पेट में दर्द क्यों हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर तेजी से आगे बढ़ रही है। इस बार ऐसी घोषणा होगी कि जो पिछले चुनावों में नहीं हुई थी। पार्टी के दूसरे पदाधिकारी इस मामले में अपना काम कर रहे हैं। चुनावी गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन को लेकर अभी कुछ तय नहीं हुआ है।