![](https://pradeshlive.com/uploads/news/202108/34-7.jpg)
भोपाल । बंगाल की खाड़ी में बने हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के कारण प्रदेश में एक बार फिर से झमाझम बारिश का सिलसिला शुरु होने वाला है। मौसम विभाग की ओर से 18 अगस्त के बाद प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित जबलपुर, होशंगाबाद और इंदौर संभागों में झमाझम बारिश होने की संभावना जाहिर की है। वहीं रविवार को 9 संभागों के साथ उज्जैन जिले में कहीं-कहीं बौछारें पडऩे की संभावना भी मौसम विभाग ने जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के ऊपर हवा के ऊपरी भाग में नया चक्रवात एक्टिव हुआ है। इसके बनने से रविवार से फिर से मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां शुरु हो सकती हैं और 17 अगस्त को ये चक्रवात कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर आगे बढऩे की संभावना है। इसके हिसाब से तीन दिन बाद यानि 18 अगस्त के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
26 जिले अभी भी प्यासे
कुछ दिनों से प्रदेश में बारिश का दौर थमा हुआ है। बारिश न होने की वजह से उमस लोगों को परेशान कर रही है। प्रदेश में फसलों पर भी इसका असर पड़ रहा है। प्रदेश के 26 जिले अभी भी प्यासे हैं। बारिश के थमने की वजह से प्रदेश का तापमान बढ़ गया है। कई जगह लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। भोपाल में 10 साल में 5वीं बार अगस्त का महीना सबसे ज्यादा गरम रहा। पिछले साल भी अगस्त खूब तपा था। गौरतलब है कि प्रदेश में एक महीने से ज्यादा समय तक लगातार बारिश का दौर जारी रहा। ग्वालियर चंबल अंचल बाढ़ से प्रभावित हुए। फिर भी, प्रदेश में बारिश का कोटा भी पूरा नहीं हुआ है। प्रदेश भर में 1 जून से 13 अगस्त तक सामान्य से 6 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश भर के 26 जिले ऐसे हैं, जहां अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है।
Please do not enter any spam link in the comment box.