![](https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/06/30/2_1593540374.jpg)
कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने समेत 16 सूत्री मांग को लेकर मंगलवार काे भी नगरपरिषद के सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहने के कारण शहर में सफाई का कार्य बाधित रहा। इसके चलते बाजारों में भी सड़कों पर गंदगी फैली रही और उठान न होने से शहर के कचरा प्वाइंटों पर करीब 150 टन कूड़ा जमा हो गया है। नप कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन किया सरकार को चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो कर्मचारी जुलाई महीने पर आंदोलन को प्रदेश स्तर पर शुरू करने को मजबूर होंगे।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर भिवानी नगरपरिषद के कर्मचारी सोमवार से दो दिन के सामूहिक अवकाश पर हैं। इसके कारण दूसरे दिन मंगलवार को भी शहर में सफाई व कूड़ा उठान का कार्य बाधित रहा। शहर में मंगलवार को 100 टन से अधिक कचरा जमा रहा। कर्मचारी नगरपरिषद कार्यालय परिसर में जमा हुए। यहां से प्रदर्शन करते हुए सिविल अस्पताल के सामने से घंटाघर चौक पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बाजार में नहीं जाने दिया।
इसके चलते घंटाघर चौक पर प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन को समाप्त कर दिया। इससे पूर्व नप परिसर में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की 16 सूत्री मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। इसके चलते कर्मचारियों ने दो दिन सामूहिक अवकाश पर रहकर विरोध जताया है।
जानें कहां फैली रही गंदगी
- घंटाघर से सराय चौपटा तक के मार्ग में दुकानों के दोनों तरफ सफाई न होने से सड़क पर गंदगी फैली रही।
- बाजार में सराय चौपटा क्षेत्र में सड़क पर बने कचरा प्वाइंट से भी कूड़े का उठान नहीं हुआ है। शहर में एक दर्जन कचरा प्वाइंटों पर मंगलवार को दूसरे दिन भी कूड़ा जमा रहा।
- शहर में सराय चौपटा, बिचला बाजार, बर्तन बाजार, कपड़ा मार्केट, नया बाजार, सर्राफा बाजार, जैन चौक, हांसी गेट मार्केट, रोहतक चौक समेत किसी भी बाजार में सफाई व कूड़े का उठान नहीं हुआ। इसके अलावा पुराने शहर में किसी भी काॅलोनी, वार्ड, गली व मोहल्ले में सफाई नहीं हुई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YM7Ann
Please do not enter any spam link in the comment box.