पानीपत  | जिले के गांव शेरा में  खेत की जुताई करते समय एक किसान की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। रोटावेटर के नट बोल्ट ढीले हुए तो किसान ठीक करने लगा। इसी बीच गले में पड़ी चद्दर रोटावेटर में फंस गई और किसान रोटावेटर की चपेट में आ गया। उसकी गर्दन फंस गई। स्थानीय किसानों ने घायल को रोटावेटर से निकालकर सामान्य अस्पताल पहुंचायाए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि गांव शेरा निवासी जगबीर खेतीबाड़ी का काम करता था। धान की फसल की कटाई के बाद बुधवार को सुबह 6 बजे खेत की जुताई करने के लिए गया था।

ट्रैक्टर और रोटावेटर से खेत जुताई करते समय ट्रैक्टर एक युवक चला रहा थाए जबकि जगबीर ट्रैक्टर के पीछे खड़ा था। सुबह करीब साढ़े 8 बजे रोटावेटर के नट बोल्ट ढीले हो गए। किसान जगबीर ने ट्रैक्टर रुकवाया और धीमी गति से चल रहे रोटावेटर के नट को ठीक करने लगा। इसी बीच जगबीर के गले में पड़ी चद्दर रोटावेटर में फंस गई और जगबीर को रोटावेटर ने अपनी तरफ खींच लिया। इसी वजह जगबीर की रोटावेटर में गर्दन फंस गई।
ट्रैक्टर चला रहे युवक ने गांव में फोन कर हादसे की सूचना दी और जगबीर को निकालने का प्रयास किया। परिजन मौके पर पहुंचे और जगबीर को रोटावेटर से निकालकर सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक जगबीर के छोटे भाई विकास ने बताया कि जगबीर 4 एकड़ जमीन पर खेती करता था। इसी साल 10 एकड़ जमीन पट्टे पर ली थी। धान की फसल की कटाई के बाद वह जमीन पर मटर की फसल उगाना चाहता था। इसी वजह सुबह से जुताई करने के लिए गया था।

3 बच्चों का पिता था जगबीर
जगबीर से छोटी एक बहन और एक भाई विकास है। विकास तहसील में काम करता है। जगबीर शादीशुदा था। उसके तीन बच्चे हैं। जिनमें 2 बेटी और 1 बेटा है। बेटी रौनक और रितिका है और सबसे छोटा बेटा 11 वर्षीय यश है।