• प्रचार के अंतिम दिनों में दोनों दल लगाएंगे ताकत
  • रोड शो नहीं होने के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में सौंपी नेताओं को जवाबदारी


भोपाल ।पिछले 26 दिनों से चल रहा उपचुनाव का प्रचार बुधवार शाम 5 बजे थम जाएगा। चुनाव आयोग ने इस बार उपचुनाव का प्रचार समाप्त होने की अवधि बढ़ाकर 72 घंटे कर दी है। दोनों ही दल अब पूरी तरह से प्रचार में जुट गए हंै। आयोग द्वारा आखिरी दिन रोड शो नहीं करने के आदेश के बाद भाजपा और कांग्रेस ने डोर टू डोर संपर्क करने की योजना बनाई है। भाजपा जहां दूसरी बार बूथ स्तर पर पहुंच रही हैं, वहीं कांग्रेस भी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार को फिर खंडवा पहुंचे। खंडवा सीट पर ही सबसे ज्यादा जोर आजमाइश नजर आ रही है। कमलनाथ मांधाता विधानसभा के मूंदी गांव के आम्बेडकर नगर वार्ड में एक तीन साल के बच्चे की हत्या की घटना पर शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। इसके बाद बुरहानपुर, भीकनगांव के झिरन्या में सभा हुई। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने भी जितने लोगों को जवाबदारी दी गई है, उनसे कहा गया है कि वे अब प्रचार समाप्ति तक वहीं रहें। मंगलवार को खंडवा में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की सभाएं हुईं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देवास के उदयनगर में सभी को संबोधित किया। बुधवार को प्रचार समाप्त होने के बाद भाजपा के स्थानीय नेताओं को पन्ना प्रभारियों और बूथ प्रभारियों के साथ घर-घर संपर्क करने के लिए कहा गया है।  
केंद्रीय अद्र्धसैनिक बल की 50 कंपनियां होंगी तैनात
 खंडवा संसदीय क्षेत्र सहित पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में 30 अक्टूबर को शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय अद्र्धसैनिक बल की 50 कंपनियां तैनात होंगी। 17 कंपनियां आ चुकी हैं और 37 कंपनियां आज-कल में आ जाएंगी। इसके अलावा प्रदेश के सुरक्षा बल और होमगार्ड को भी तैनात किया जा रहा है। मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। अंतिम एक घंटे में उन मतदाताओं को मतदान करने का मौका मिलेगा, जो 80 साल से अधिक आयु के हैं, कोरोना संक्रमित या संदिग्ध हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव के लिए मतदान 2 हजार 910 मतदान केंद्रों पर होगा। एक हजार से अधिक मतदाताओं की वजह से 543 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 24 हजार कर्मचारी मतदान केंद्रों पर तैनात होंगे। खंडवा संसदीय क्षेत्र के नेपानगर, बुरहानपुर और भीकनगांव के साथ पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा क्षेत्र महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात की सीमा से लगे हैं। मतदान के दिन कहीं भी कानून व्यवस्था की स्थिति न बने, इसके लिए केंद्रीय अद्र्धसैनिक बल की 50 कंपनियां तैनात की जा रही हैं। इसमें 17 कंपनियां आ चुकी हैं और बाकी आज-कल में चुनाव क्षेत्रों में पहुंच जाएंगी। इसके अलावा राज्य के सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल के साथ और होमगार्ड भी तैनात किए जा रहे हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अद्र्धसैनिक बल मौजूद रहेगा।