कोविड केयर सेंटर चलाने में स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान |
Type Here to Get Search Results !

KAPS TV

कोविड केयर सेंटर चलाने में स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान |

कोविड केयर सेंटर चलाने में स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान

एम्स भोपाल के शेष खाली बेड कोविड मरीजों के लिए आरक्षित होंगे, रहवासी संघों से चर्चा करेंगे मुख्यमंत्री श्री चौहान, मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मीडिया प्रतिनिधियों से किया संवाद



मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर में सक्रिय प्रकरणों की संख्या में वृद्धि हुई है। राज्य शासन आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएँ बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। नई दिल्ली बात कर एम्स भोपाल के शेष खाली बेड कोविड मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। भविष्य में भी एम्स में जो बेड रिक्त होंगे, वे कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित रहेंगे। कोविड मरीजों के लिए बिस्तर, ऑक्सीजन, रेमडेसिविर इंजेक्शन की व्यवस्था और हर जिले में कोविड केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कोविड केयर सेंटर चलाने में स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान स्मार्ट उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।   
स्वयं-सेवकों का प्रशिक्षण आरंभ
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मीडिया से कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जन-जागरूकता का वातावरण बनाने और विश्वास बनाए रखने में सहयोग की अपील की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे स्वयं रहवासी संघों और कॉलोनियों के  प्रतिनिधियों से संवाद कर सहयोग की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि कोरोना संक्रमण के विरूद्ध अभियान में जुड़े स्वयं-सेवकों का प्रशिक्षण आरंभ हो गया है।
कोरोना मरीजों के लिए निरंतर बढ़ रहे बिस्तर
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि भोपाल में आरकेडीएफ और पीपुल्स अस्पताल तथा इंदौर में इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। राज्य में 9 अप्रैल को 17 हजार 452 शासकीय और 13 हजार 250 निजी अस्पतालों में बिस्तर उपलब्ध थे। आज 13 अप्रैल को कोविड मरीजों के लिए 36 हजार 446 बेड प्रदेश में उपलब्ध हैं। इनमें से 19 हजार 410 शासकीय और 13 हजार 36 बेड निजी अस्पतालों में विद्यमान हैं। इसके अतिरिक्त आज 5 हजार 700 से अधिक बेड बढ़ाने में सफलता मिली है।
43 जिलों में कोविड केयर सेंटर आरंभ
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 43 जिलों में कोविड केयर सेंटर आरंभ हो गए हैं। इनमें 7 हजार 215 सामान्य बेड उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त कम लक्षण वाले मरीजों के लिए 4 हजार 847 बेडों की व्यवस्था है। प्रदेश के 9 जिलों में कोविड केयर सेंटर बनना शेष हैं।
267 मीट्रिक टन ऑक्सीजन उपलब्ध
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 12 अप्रैल को 267 मीट्रिक टन ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई। आठ अप्रैल को 130 मीट्रिक टन ऑक्सीजन ही उपलब्ध थी। इस दिशा में प्रयास निरंतर जारी हैं। प्रदेश में ऑक्सीजन की आपूर्ति टैंकरों से होती है। टैंकरों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। टैंकरों के निर्बाध आवागमन के लिए ऑक्सीजन टैंकर को एम्बुलेंस जैसी सेवा घोषित किया गया है। अस्पतालों को ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए अपर मुख्य सचिव श्री एस.एन. मिश्रा और नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री पी. नरहरि को दायित्व सौंपा गया है। ऑक्सीजन उपयोग के ऑडिट की व्यवस्था भी की जा रही है।
31 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन प्राप्त, 16 अप्रैल को और मिलेंगे 10 हजार
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में अब तक 31 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन प्राप्त हो चुके हैं। आज 2 हजार इंजेक्शन और मिलेंगे। इसके साथ ही 16 अप्रैल को 10 हजार रेमडेसिविर इंजेक्शन प्राप्त होंगे।
संयम और साथ मिलकर चलने से ही होगा स्थिति पर नियंत्रण
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना संक्रमण को रोकने में प्रदेश की जनता से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि संसाधनों की सीमा है। हमें संक्रमण से बचने की सावधानियाँ बरतने में पूरी सतर्कता से काम लेना होगा। अनावश्यक आवागमन को टालना होगा। गाँव के लोग शहर आने को टालें और शहरों में रहवासी संघों और कॉलोनियों से भी अति आवश्यक स्थिति में ही लोग बाहर निकलें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संयम और साथ मिलकर चलने से ही हम स्थिति पर नियंत्रण पा सकेंगे।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Bhopal

4/lgrid/Bhopal
----------------NEWS Footer-------------------------------- --------------------------------CSS-------------------------- -----------------------------------------------------------------